Type Here to Get Search Results !

सोहागपुर गेहूं तुलाई के बाद किसान को नहीं मिला ₹2.24 लाख का भुगतान, समिति प्रबंधक पर धोखाधड़ी का आरोप

 

सोहागपुर गेहूं तुलाई के बाद किसान को नहीं मिला ₹2.24 लाख का भुगतान, समिति प्रबंधक पर धोखाधड़ी का आरोप



किसान का आरोप- बिल नहीं निकलवाने को कहा, नगद भुगतान का दिया था भरोसा; थाना सुहागपुर में शिकायत


छगन कुशवाहा 

सोहागपुर। ग्राम माछा निवासी किसान भवानी प्रसाद लोधी ने गेहूं खरीदी में भुगतान नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए थाना सुहागपुर में शिकायत आवेदन दिया है। किसान ने समिति प्रबंधक ऋषिवन गोस्वामी पर 2 लाख 24 हजार 437 रुपए का भुगतान रोकने और उसे गुमराह करने का आरोप लगाया है।


किसान के अनुसार इसी वर्ष गेहूं खरीदी सीजन में उसने शासन द्वारा अधिकृत नर्मदा वेयरहाउस, माछा में अपना 85 क्विंटल 50 किलो गेहूं तुलाई के लिए दिया था। किसान का कहना है कि गेहूं की तुलाई के बाद उसे तोल पर्ची भी प्राप्त हुई थी। इसके बाद जब वह कंप्यूटर से पक्का बिल निकलवाने पहुंचा तो समिति प्रबंधक ने यह कहते हुए बिल नहीं निकलवाने को कहा कि वेयरहाउस में अधिक बिल निकल चुके हैं। इसके बदले गेहूं का भुगतान नगद कराने का भरोसा दिया गया।


बार-बार मांगने के बाद भी भुगतान नहीं


आवेदन के मुताबिक किसान ने समिति प्रबंधक के कहने पर बिल नहीं निकलवाया। गेहूं खरीदी का भुगतान शुरू होने के बाद उसने कई बार समिति प्रबंधक से अपने ₹2,24,437 मांगने की बात कही, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। किसान ने वेयरहाउस मालिक केशव वर्मा के सामने भी यह मामला रखा। इसके बावजूद भुगतान नहीं होने का आरोप है।


किसान ने बताया कि उसने गांव के पूर्व सरपंच बृजकिशोर ठाकुर को भी मामले की जानकारी दी। उनके द्वारा भी समिति प्रबंधक से भुगतान करने को कहा गया, लेकिन इसके बाद भी राशि नहीं मिलने का आरोप है।


थाना प्रभारी को दिए आवेदन में किसान ने समिति प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लंबित भुगतान दिलाने की मांग की है। शिकायत दिनांक 27 अगस्त 2026 को प्रस्तुत की गई।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.