सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प, संकल्प क्लासेस में हुई विचार गोष्ठी
राष्ट्रीय एकता दिवस पर विद्यार्थियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर लौह पुरुष को किया नमन, एकता-अखंडता की रक्षा का लिया संकल्प
छगन कुशवाहा
पिपरिया। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर संकल्प फाउंडेशन द्वारा संचालित संकल्प क्लासेस में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों ने लौह पुरुष सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
गोष्ठी में वक्ताओं ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में उनका ऐतिहासिक योगदान रहा है। अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व के बल पर उन्होंने 562 से अधिक देशी रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जूनागढ़ और हैदराबाद सहित जटिल रियासतों के एकीकरण में उनकी राजनीतिक सूझबूझ और राष्ट्र के प्रति समर्पण का परिचय मिलता है।
वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल एक स्मरण दिवस नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने के संकल्प का अवसर है। सरदार पटेल का जीवन विशेषकर युवाओं को राष्ट्रसेवा, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और दृढ़ इच्छाशक्ति की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा करने तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का सामूहिक संकल्प लिया।





