नर्मदापुरम में बदला पुलिस नेतृत्व, दीपक शुक्ला ने संभाली जिले की कमान
2014 बैच के आईपीएस अधिकारी को मिली जिम्मेदारी, निवर्तमान एसपी साई कृष्णा थोटा की पुलिस मुख्यालय भोपाल में हुई पदस्थापना
छगन कुशवाहा
नर्मदापुरम। जिले में पुलिस प्रशासन के नेतृत्व में बदलाव के बाद रविवार 1 नवंबर को नवागत पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने निवर्तमान पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा से जिले की जिम्मेदारी संभाली। थोटा को पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) के पद पर नई जिम्मेदारी दी गई है।
दीपक कुमार शुक्ला मध्यप्रदेश कैडर के वर्ष 2014 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं। नर्मदापुरम में पदस्थापना से पहले वे उज्जैन में 32वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल के सेनानी के रूप में सेवाएं दे रहे थे। अब जिले के पुलिस महकमे की जिम्मेदारी उनके पास होगी।
थोटा का भोपाल तबादला
निवर्तमान पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा भी वर्ष 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। नर्मदापुरम में अपनी सेवाएं देने से पहले वे पन्ना एसपी और भोपाल में पुलिस उपायुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। अब उन्हें पुलिस मुख्यालय भोपाल में एआईजी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अपराध नियंत्रण और साइबर सुरक्षा पर रहेगी नजर
नए पुलिस अधीक्षक के सामने जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की जिम्मेदारी होगी। बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी, महिला एवं बालिका सुरक्षा, अवैध नशे के कारोबार पर कार्रवाई तथा शहर की यातायात व्यवस्था जैसे मुद्दे पुलिस प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे।
इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने, थानों में पहुंचने वाले फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निराकरण और आम नागरिकों के साथ पुलिस का संवाद बेहतर बनाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहने की अपेक्षा है।
नई जिम्मेदारी के साथ बढ़ीं अपेक्षाएं
पुलिस अधीक्षक के पद पर हुए इस बदलाव के बाद जिलेवासियों की निगाहें अब नए पुलिस कप्तान की कार्यशैली पर रहेंगी। आने वाले दिनों में उनकी प्राथमिकताओं और पुलिसिंग के तरीके से जिले की कानून व्यवस्था को लेकर आगे की दिशा स्पष्ट होगी।

