ओल नदी रेलवे पुल पर ट्रेन से गिरा युवक, मौके पर मौत
मुंबई से दरभंगा जा रहा था 27 वर्षीय युवक, दस्तावेज और मोबाइल से हुई मृतक की पहचान
छगन कुशवाहा
पिपरिया। बनखेड़ी के ओल नदी रेलवे पुल पर रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 27 वर्षीय युवक की जान चली गई। मुंबई से दरभंगा जा रही सुपरफास्ट ट्रेन में सफर कर रहा युवक अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। पुल के पत्थरों पर गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान शौकत अली पिता हैदर, निवासी दमदम, दरभंगा (बिहार) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच अधिकारी एएसआई चंद्रकांत परते ने बताया कि मृतक के पास मिले दस्तावेजों और मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान सुनिश्चित की गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। युवक ट्रेन से किन परिस्थितियों में नीचे गिरा, इसकी जांच की जा रही है।



