Type Here to Get Search Results !

झाड़ियों में छिपाकर रखी थी शराब, ग्रामीणों ने खुद ढूंढ निकाली; बोले- किसकी शह पर चल रहा अवैध कारोबार?

 

झाड़ियों में छिपाकर रखी थी शराब, ग्रामीणों ने खुद ढूंढ निकाली; बोले- किसकी शह पर चल रहा अवैध कारोबार?



उमरधा में नशे के खिलाफ महिलाओं-पुरुषों का प्रदर्शन, आबकारी और पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल


ग्रामीणों की चेतावनी- शराब बिक्री नहीं रुकी तो चक्काजाम और तहसील कार्यालय का करेंगे घेराव


छगन कुशवाहा 

बनखेड़ी/उमरधा। ग्राम उमरधा में अवैध शराब की बिक्री और बढ़ते नशे के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। महिलाओं और पुरुषों ने हाथों में शराबबंदी के संदेश लिखी तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया और प्रशासन से गांव में अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने गांव के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई शराब को खोज निकाला। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से अवैध तरीके से शराब की सप्लाई की जा रही है। उनका कहना है कि नशे का असर युवाओं पर पड़ रहा है और शराब को लेकर परिवारों में विवाद की स्थिति भी बन रही है।


ग्रामीण बोले- पहले भी दे चुके ज्ञापन, कार्रवाई नहीं हुई


ग्रामीणों के अनुसार अवैध शराब की बिक्री को लेकर वे पहले भी बनखेड़ी थाने में ज्ञापन दे चुके हैं। इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों ने पुलिस और आबकारी विभाग से सवाल किया कि यदि गांव में खुले तौर पर अवैध शराब की बिक्री और सप्लाई हो रही है तो इसे रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही।


महिलाओं ने संभाली शराबबंदी की कमान


अवैध शराब के खिलाफ ग्रामीणों की मुहिम में महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल हुईं। हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर महिलाओं ने गांव में शराब की बिक्री बंद कराने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने कहा कि वे गांव को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे।


कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी


ग्रामीणों ने आबकारी विभाग और बनखेड़ी थाना प्रभारी से अवैध शराब की बिक्री और सप्लाई की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण चक्काजाम और तहसील कार्यालय के घेराव जैसे कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे।


Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.