स्टेशन रोड थाने के नए प्रभारी ने संभाला पदभार, शहर का भ्रमण कर व्यवस्था का लिया जायजा
छगन कुशवाहा
पिपरिया। स्टेशन रोड थाने के नवागत थाना प्रभारी महेंद्र सिंह बघेल ने बुधवार को पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने नगर का भ्रमण कर क्षेत्र की व्यवस्थाओं और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
भ्रमण के दौरान थाना प्रभारी ने वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। यातायात व्यवस्था को लेकर ट्राइसिकल चालकों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कहीं मारपीट, विवाद या कोई अप्रिय स्थिति बनती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने के साथ आवश्यक कार्रवाई करेगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।



