युवाओं को करियर, चरित्र और नशामुक्ति का संदेश, तरोन कलां पहुंची युवा चेतना संवाद यात्रा
छगन कुशवाहा
पिपरिया,तरोन कलां। संकल्प फाउंडेशन की युवा चेतना संवाद यात्रा बुधवार रात ग्राम तरोन कलां पहुंची। यहां आयोजित रात्रिकालीन संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और ग्रामीणों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में युवाओं से करियर निर्माण के साथ शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया गया।
संवाद के दौरान कैरियर निर्माण, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, रोजगार के अवसर, कौशल विकास और व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों पर युवाओं से सीधा संवाद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों में लगाएं और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहें। लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित किया गया।
महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान
कार्यक्रम में युवाओं को स्वामी विवेकानंद के आत्मविश्वास व चरित्र निर्माण, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के बड़े सपने और मेहनत तथा शहीद भगत सिंह के राष्ट्रप्रेम, साहस और त्याग से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार और नैतिक मूल्य युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संकल्प फाउंडेशन के सदस्यों ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति है। सही मार्गदर्शन और सकारात्मक वातावरण मिलने पर युवा अपने भविष्य को बेहतर बनाने के साथ समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
गांव-गांव संवाद यात्रा का उद्देश्य युवाओं के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं, आकांक्षाओं और सपनों को समझना तथा उन्हें शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। फाउंडेशन द्वारा ‘युवा निर्माण से राष्ट्र निर्माण’ के संकल्प के साथ यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
