Type Here to Get Search Results !

मंदिरों को भी नहीं छोड़ा: हनुमान मढ़िया में ताले तोड़कर चांदी के मुकुट चोरी, दानपेटी ले जाने की कोशिश

मंदिरों को भी नहीं छोड़ा: हनुमान मढ़िया में ताले तोड़कर चांदी के मुकुट चोरी, दानपेटी ले जाने की कोशिश



शोभापुर रोड स्थित राम-जानकी और हनुमान मंदिर में वारदात; सुबह पूजा करने पहुंचे श्रद्धालुओं को मिली चोरी की जानकारी


छगन कुशवाहा 

पिपरिया। मंगलवारा थाना क्षेत्र के शोभापुर रोड स्थित हनुमान मढ़िया राम-जानकी मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने मंदिर के गर्भगृह का ताला तोड़कर भगवान के चांदी के मुकुट चोरी कर लिए। पास ही स्थित महादेव मंदिर की दानपेटी को भी चोर उठाकर ले जाने की कोशिश में थे, लेकिन उसे खोल नहीं सके।


सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी और श्रद्धालुओं ने ताले टूटे और सामान अस्त-व्यस्त देखा तो घटना का पता चला। धार्मिक स्थल में चोरी की खबर फैलते ही श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया। लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की।


पिपरिया के बाद सांडिया के मंदिरों को भी निशाना बनाने की कोशिश, ग्रामीणों की आहट से भागे


जानकारी के अनुसार, पिपरिया में वारदात के बाद चोरों ने सांडिया के मंदिरों को भी निशाना बनाने का प्रयास किया। देर रात ग्रामीणों को चोरों की आहट सुनाई दी। लोगों की सतर्कता और जागने के बाद चोर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। इससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात में शामिल बदमाश आसपास के धार्मिक स्थलों की रेकी कर रहे थे।


पुलिस ने दर्ज किया मामला, सीसीटीवी और अन्य सुरागों के आधार पर जांच


मंगलवारा थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उपनिरीक्षक मानिक सिंह बट्टी के अनुसार, राम-जानकी और हनुमान मंदिर से चांदी के मुकुट चोरी हुए हैं। दानपेटी को चोर खोल नहीं पाए। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.