Type Here to Get Search Results !

तहसील कार्यालय से इंटरनेट केबल और सूने मकान से बिजली के तार चोरी के दो मामलों का खुलासा

 

तहसील कार्यालय से इंटरनेट केबल और सूने मकान से बिजली के तार चोरी के दो मामलों का खुलासा



एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार; पुलिस ने इंटरनेट केबल और बिजली तार का बंडल किया जब्त

छगन कुशवाहा 

पिपरिया। स्टेशन रोड थाना पुलिस ने चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने तहसील कार्यालय पिपरिया से इंटरनेट केबल और एक सूने मकान से बिजली फिटिंग के तार चोरी किए थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान जब्त किया है, जबकि दूसरा आरोपी अभी फरार है।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से मिली सफलता

पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को पचमढ़ी बिहार कॉलोनी निवासी शैलेश नरवारे ने तहसील कार्यालय पिपरिया से अज्ञात चोरों द्वारा इंटरनेट केबल चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर स्टेशन रोड थाने में अपराध क्रमांक 328/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

वहीं, 17 अक्टूबर 2026 को पुरोहित गार्डन के सामने यूनिक सैलून निवासी प्रिंस ठाकुर ने शिकायत की कि अज्ञात चोर उनके मकान का ताला तोड़कर बिजली फिटिंग के तारों के बंडल चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 412/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

दोनों मामलों में पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और क्षेत्र के निगरानी बदमाशों से पूछताछ की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग रात में शराब के नशे में चोरी की वारदातों के संबंध में बातचीत कर रहे थे।

सूचना के आधार पर पुलिस ने रोहित कतिया (27), निवासी ग्राम बीजनवाड़ा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपने साथी भरत उर्फ भरतू के साथ मिलकर दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने रोहित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से इंटरनेट केबल और बिजली के तार का बंडल जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं, फरार आरोपी भरत उर्फ भरतू की तलाश की जा रही है।

इनकी रही अहम भूमिका

कार्रवाई में स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बघेल, सहायक उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह पटेल, वरिष्ठ आरक्षक संजय कुशवाहा, आरक्षक प्रभाकर, अजय, दुर्गेश, चंद्रप्रकाश साहू और प्रधान आरक्षक चालक हरिओम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.