Type Here to Get Search Results !

सांडिया में गैस सिलेंडरों का अवैध कारोबार उजागर, 34 सिलेंडर और 319 रिफिल बुक जब्त

सांडिया में गैस सिलेंडरों का अवैध कारोबार उजागर, 34 सिलेंडर और 319 रिफिल बुक जब्त




घर में चल रहा था गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का खेल, उज्ज्वला योजना के कनेक्शन भी जांच के दायरे में

छगन कुशवाहा 

पिपरिया।,पिपरिया तहसील के ग्राम सांडिया में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और उनकी अधिक कीमत पर बिक्री का मामला सामने आया है। खाद्य विभाग की टीम ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए एक घर से अलग-अलग कंपनियों के 34 घरेलू गैस सिलेंडर और 319 गैस रिफिल बुक जब्त की हैं। जब्त सिलेंडरों में 20 भरे हुए और 14 खाली सिलेंडर शामिल हैं। मामले में रामगोपाल चौधरी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया गया है।



जानकारी के अनुसार, एसडीएम आकिब खान के निर्देश पर खाद्य अधिकारी मनोज शुक्ला ने रेवांचल स्कूल के पास स्थित रामगोपाल चौधरी के निवास पर जांच की। इस दौरान घर में बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर रखे मिले। जांच में 319 उपभोक्ताओं की गैस रिफिल बुक भी बरामद हुईं। विभागीय जांच में सामने आया कि संबंधित व्यक्ति आसपास के गांवों के उपभोक्ताओं की रिफिल बुक के जरिए गैस सिलेंडर बुक कराता था। इसके बाद डीएसी नंबर के माध्यम से गैस एजेंसी से सिलेंडर प्राप्त कर उन्हें दूसरे लोगों को अधिक कीमत पर बेचने का काम किया जा रहा था।




उज्ज्वला कनेक्शनों की भी होगी जांच


खाद्य विभाग ने जब्त की गई 319 गैस रिफिल बुक की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों को आशंका है कि इनमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों के कनेक्शन भी शामिल हो सकते हैं। योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को 300 रुपए की सब्सिडी दी जाती है। ऐसे में जांच के बाद यह भी स्पष्ट होगा कि कहीं योजना के लाभ का दुरुपयोग तो नहीं किया जा रहा था।


विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज


खाद्य अधिकारी मनोज शुक्ला के अनुसार, रामगोपाल चौधरी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कराया गया है। जब्त दस्तावेजों और गैस कनेक्शनों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.