एकता स्पोर्ट्स क्लब के निशुल्क वितरण कार्यक्रम में 1625 विद्यार्थियों को मिले स्कूल बैग और पेन
बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान, एकता स्पोर्ट्स क्लब के द्बारा बांटे स्कूल बैग और पेन
छगन कुशवाहा
पिपरिया। एकता स्पोर्ट्स क्लब की ओर से सोमवार को मंगलवारा धर्मशाला में निशुल्क शैक्षणिक सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक अध्ययनरत 1625 विद्यार्थियों को स्कूल बैग और पेन वितरित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ समाजसेवी रमेश कुमार पटेल और श्यामसुंदर हुरकट ने मां सरस्वती के पूजन के साथ की।
हर साल जरूरत के अनुसार सामग्री का वितरण
क्लब अध्यक्ष बलराम सिंह बैस ने बताया कि एकता स्पोर्ट्स क्लब द्वारा हर साल बच्चों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। एक वर्ष बच्चों को जूते, मोजे और स्वेटर दिए जाते हैं, जबकि दूसरे वर्ष स्कूल बैग, कॉपी, पेन, पेंसिल सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया जाता है। इस वर्ष नगर की 8 शालाओं के विद्यार्थियों को सामग्री दी गई।
खेल प्रतिभाओं के साथ शिक्षा को भी बढ़ावा
क्लब सचिव अरविंद शर्मा ने कहा कि क्लब का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ ही जरूरतमंद और छोटे बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना भी है। शैक्षणिक सामग्री मिलने से बच्चों को पढ़ाई में सुविधा मिलेगी और उनमें शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ेगा। कार्यक्रम में क्लब सदस्यों के साथ शहर के बड़ी संख्या में सेवाभावी लोग मौजूद रहे।


