ड्रोन से निगरानी कर तरावली डेरे में छापा, 275 लीटर शराब और 15 हजार किलो लाहन बरामद
दयाराम कुशवाहा
बैरसिया। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ भोपाल देहात पुलिस व आबकारी विभाग ने मंगलवार को तरावली डेरे में संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस, जिला आबकारी, राज्य स्तरीय उड़नदस्ता और संभागीय उड़नदस्ता की टीम ने ड्रोन की मदद से अवैध मदिरा निर्माण के ठिकानों की निगरानी कर छापामार कार्रवाई की। टीम के पहुंचने की भनक लगते ही डेरे में मौजूद लोग घरों को छोड़कर मौके से फरार हो गए।
तलाशी के दौरान अलग-अलग डेरों में खुले और खाली पड़े मकानों से करीब 275 लीटर अवैध हाथभट्टी मदिरा और 15 हजार किलो लाहन बरामद किया गया। जमीन के अंदर हाथभट्टी शराब तैयार करने के लिए बनाई गई 12 भट्टियां भी मिलीं, जिन्हें मौके पर नष्ट किया गया। वहीं शराब निर्माण में उपयोग किए जा रहे 2 बॉयलर जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई। अवैध मदिरा निर्माण में प्रयुक्त अन्य सामग्री के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
127 अधिकारी-कर्मचारी रहे कार्रवाई में शामिल
कार्रवाई में भोपाल देहात पुलिस के 75 अधिकारी-कर्मचारी और आबकारी विभाग के 52 अधिकारी-कर्मचारी, यानी कुल 127 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। कार्रवाई भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस अधीक्षक भोपाल देहात पंकज कुमार पाण्डेय के आदेश पर की गई।
उपायुक्त आबकारी संभाग भोपाल केसी अग्निहोत्री, सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार सोनकर के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी वर्षा उइके के नेतृत्व में कार्रवाई हुई।
कार्रवाई में एसडीओपी बैरसिया वैशाली करहेलिया, एसडीओपी दुर्जन सिंह बरकड़े, थाना प्रभारी बैरसिया रामबाबू चौधरी, थाना प्रभारी गुनगा रिंकू जाटव, निरीक्षक नरेंद्र यादव सहित पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बैरसिया वृत्त के सहायक जिला आबकारी अधिकारी सुरेंद्र देवांगन, उप निरीक्षक चंदर सिंह समेत जिला आबकारी, राज्य स्तरीय उड़नदस्ता और संभागीय उड़नदस्ता की टीमें भी कार्रवाई में शामिल रहीं।
आबकारी विभाग ने कहा है कि अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और विक्रय के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| दयाराम कुशवाहा |

