पचमढ़ी के पगारा चढ़ाई पर रात 2 बजे रोड क्रॉस करता नजर आया बाघ, वाहन रोककर पर्यटक मित्र ने बनाया वीडियो
सड़क पर चहलकदमी करता दिखा टाइगर, 59 सेकंड तक कैमरे में कैद हुआ नजारा
छगन कुशवाहा
पिपरिया/पचमढ़ी। पचमढ़ी-पिपरिया मार्ग पर पगारा की चढ़ाई में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे उस समय वाहन चालकों का रोमांच बढ़ गया, जब एक टाइगर सड़क पर चहलकदमी करता नजर आया। अचानक सामने आए बाघ ने कुछ देर सड़क पर रुककर रास्ता पार किया और फिर जंगल में ओझल हो गया। इस दुर्लभ नजारे को पचमढ़ी पर्यटन मित्र मुस्तैन सर ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। करीब 59 सेकंड का वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
भोपाल से लौट रहे थे, अचानक सड़क पर दिखा बाघ
पचमढ़ी पर्यटन मित्र मुस्तैन सर ने बताया कि वे रात करीब 2 बजे भोपाल से लौट रहे थे। पगारा की चढ़ाई पर अचानक उनकी नजर सड़क पर मौजूद टाइगर पर पड़ी। उन्होंने वाहन रोक दिया और बाघ के सड़क पार करने का इंतजार किया। इस दौरान उन्होंने मोबाइल से करीब 59 सेकंड का वीडियो बना लिया। वीडियो में टाइगर सड़क पर चलता और फिर जंगल की ओर जाते हुए दिखाई दे रहा है।
एसडीओ ने भी वीडियो मिलने की पुष्टि की
एसडीओ संजीव शर्मा ने बताया कि टाइगर का वीडियो उनके पास भी आया है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आता है और यहां वन्यजीवों की मौजूदगी रहती है। ऐसे में सड़क पर टाइगर का नजर आना असामान्य नहीं है। हालांकि, रात के समय सड़क पर अचानक टाइगर दिखाई देना वाहन चालकों के लिए रोमांचकारी अनुभव जरूर है।
कुछ देर का दीदार, फिर जंगल में गुम
सड़क पर टाइगर को देखकर वाहन चालक कुछ देर वहीं रुक गए। बाघ ने बिना किसी जल्दबाजी के सड़क पार की और जंगल में प्रवेश कर गया। रात के सन्नाटे में सड़क पर टाइगर की मौजूदगी का यह नजारा वाहन चालकों के लिए रोमांच से भरा रहा। पर्यटकों और आम नागरिकों के लिए जंगल में इस तरह वन्यजीव का नजदीक से दीदार दुर्लभ पल माना जाता है।


