कुशवाहा समाज के 4 खिलाड़ी राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए चयनित
शालेय मप्र अंडर-17 टीम का करेंगे प्रतिनिधित्व, सतना में जीते पदक के दम पर बनाई जगह
छगन कुशवाहा
पिपरिया। खेल प्रतिभा के दम पर कुशवाहा समाज के चार खिलाड़ियों ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 70वीं राष्ट्रीय शालेय अंडर-17 ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए अक्षय बमोरिया, कृष्णा कुशवाहा, विधि कुशवाहा और श्रेया शाक्य का चयन मध्यप्रदेश टीम में हुआ है। चारों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर शालेय मध्यप्रदेश ताइक्वांडो टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
हाल ही में सतना में आयोजित राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए। इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन मध्यप्रदेश की अंडर-17 टीम के लिए किया गया है। चयन की जानकारी लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल से जारी आदेश के माध्यम से सामने आई है।
15 से 19 अक्टूबर तक सतना में प्री-नेशनल कैंप
राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों के लिए चयनित खिलाड़ियों का प्री-नेशनल कोचिंग कैंप 15 से 19 अक्टूबर 2026 तक सतना में आयोजित होगा। कैंप में खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए तकनीकी और खेल कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
श्रीनगर में देशभर के खिलाड़ियों से होगा मुकाबला
70वीं राष्ट्रीय शालेय अंडर-17 ताइक्वांडो प्रतियोगिता 22 से 26 अक्टूबर 2026 तक इंडोर स्टेडियम श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) में आयोजित होगी। इसमें देशभर से चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। चारों खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने से समाज और क्षेत्र के खेलप्रेमियों में उत्साह है।







