Type Here to Get Search Results !

70 दुर्गा समितियां करेंगी माता की प्रतिमा स्थापित, नवरात्र में आस्था के साथ सुरक्षा के इंतजाम

 

70 दुर्गा समितियां करेंगी माता की प्रतिमा स्थापित, नवरात्र में आस्था के साथ सुरक्षा के इंतजाम
      विडिओ टच कर चैनल को लाइक          सब्सक्राइब करें आने वाले पिपरिया                  नवदुर्गा महोत्सव देखेंगे।

हथवास पुलिया क्षतिग्रस्त होने से शहर के बीच से गुजरेगा यातायात, सड़कों पर सजावट नहीं करने की समितियों से अपील

छगन कुशवाहा 

पिपरिया। नवरात्र महोत्सव को लेकर शहर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार करीब 70 दुर्गा समितियां देवी प्रतिमाओं की स्थापना करेंगी। नवरात्र उत्सव शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भक्तिमय माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवारा थाने में शांति समिति की बैठक हुई। इसमें प्रशासन, पुलिस, नगर पालिका, बिजली कंपनी, हिंदू उत्सव समिति और दुर्गा समितियों के पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।




बैठक में तहसीलदार वैभव बैरागी, मंगलवारा थाना प्रभारी आदित्य सेन, स्टेशन रोड थाना प्रभारी महेंद्र सिंह बघेल, बिजली कंपनी के डीई अंकुश, नपाध्यक्ष नीना नागपाल सहित हिंदू उत्सव समिति और विभिन्न दुर्गा समितियों के सदस्य मौजूद रहे।



हथवास पुलिया क्षतिग्रस्त, शहर के बीच से गुजरेगा यातायात

हथवास पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण हथवास और सिलारी की ओर जाने वाला यातायात शहर के मध्य से होकर गुजरेगा। इसे देखते हुए प्रशासन ने दुर्गा समितियों से सड़क के बीच में सजावट, लाइटिंग और ऐसी कोई व्यवस्था नहीं करने की अपील की है, जिससे यातायात प्रभावित हो।


पचमढ़ी रोड, मंगलवारा चौराहा और सिलारी चौक पर विशेष रूप से ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाएगी। भारी वाहनों को शोभापुर से तारोंन बाईपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा।



बड़ी समितियों के 10, छोटी समितियों के 5 सदस्य संभालेंगे व्यवस्था

उत्सव के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग के लिए दुर्गा समितियों के सदस्यों को परिचय पत्र जारी किए जाएंगे। बड़ी समितियों के 10 और छोटी समितियों के 5 सदस्य पुलिस के साथ मिलकर व्यवस्था संभालेंगे। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती रहेगी।


सुबह करीब 4 बजे माता मठ में जल अर्पित करने बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचती हैं। इसे देखते हुए इस मार्ग पर बिजली और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे।

झांकियों के आसपास शौचालय और जरूरी सेवाओं की व्यवस्था

शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से माता के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। झांकियों के आसपास सुलभ शौचालय, बिजली और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। नगर पालिका, बिजली कंपनी और स्वास्थ्य विभाग अपने कर्मचारियों को मंगलवारा थाने में तैनात रखेंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर नागरिकों को तत्काल सहायता मिल सके।

बिजली आपूर्ति निर्बाध रखने का आश्वासन

नवरात्र के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसे लेकर बिजली कंपनी के डीई ने समितियों को भरोसा दिलाया। हिंदू उत्सव समिति के सदस्य मार्शल बमोरिया ने बिजली कंपनी से उत्सव के दौरान पुख्ता इंतजाम रखने की बात कही। बैठक में दो-तीन समितियों द्वारा मिलकर बिजली कनेक्शन लेने पर भी चर्चा हुई।




तेज आवाज में डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्र नहीं बजाने पर सहमति

प्रशासन ने सभी समितियों से निर्धारित नियमों का पालन करने और तेज आवाज में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग नहीं करने की अपील की। समिति सदस्यों ने इस पर सहमति जताते हुए शांतिपूर्ण तरीके से नवरात्र उत्सव मनाने का भरोसा दिलाया।


विसर्जन के दौरान उड़ने वाली पीली मिट्टी (राम रज) को लेकर भी नागरिकों ने सुझाव दिया। उन्होंने समितियों से पीली मिट्टी का उपयोग नहीं करने तथा इसके स्थान पर गुलाल या फूलों का उपयोग करने की अपील की। नागरिकों ने कहा कि पीली मिट्टी से धूल उड़ने के साथ स्वास्थ्य संबंधी परेशानी भी हो सकती है।

दशहरा मैदान में रात 10 बजे होगा रावण दहन

दशहरा मैदान में दशहरे की रात रावण दहन का आयोजन होगा। दशहरा उत्सव समिति अध्यक्ष बलराम ठाकुर ने बताया कि रावण दहन रात 10 बजे किया जाएगा। इतवारा बाजार दशहरा मैदान में रामसत्ता का भव्य आयोजन भी होगा।


बैठक में हिंदू उत्सव समिति के सदस्य, श्याम सुन्दर सोनी मार्शल बमोरिया, गोपाल गंगुड़ा, मनोज शर्मा गिरधर मल्ल, धर्मेंद्र बलदुआ अरविंद राय,सहित विभिन्न दुर्गा समितियों के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।




Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.