भोपाल।राजधानी के गुलमोहर त्रिलंगा संस्कृति दुर्गा मंडल (पीपल चौक) में नवरात्रि के पावन अवसर पर मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप 'मां शैलपुत्री' का भव्य एवं भक्तिमय स्वागत किया गया। इस दौरान गुलमोहर, त्रिलंगा एवं शाहपुरा क्षेत्र के सैकड़ों युवक-युवतियां और धर्मप्रेमी बंधु मां दुर्गा के दर्शन के लिए भारी उत्साह के साथ उमड़े।
कार्यक्रम में उस समय उत्साह दोगुना हो गया जब क्षेत्रीय विधायक रामेश्वर शर्मा महाआरती में सम्मिलित होने पंडाल पहुंचे। उनके आगमन पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने जयघोष कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
दर्शन से पूर्व पंडाल में पर्दे पर मां दुर्गा द्वारा शुंभ-निशुंभ के वध और मां काली के प्राकट्य पर आधारित एक प्रभावशाली लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। इस मनमोहक प्रस्तुति के तुरंत बाद माता के भव्य स्वरूप के पट दर्शनार्थियों के लिए खोल दिए गए, जिससे पूरा वातावरण माता के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। इसके पश्चात विधायक रामेश्वर शर्मा ने जनसमूह को संबोधित करते हुए नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं और धर्म-संस्कृति के उत्थान का संदेश दिया।
समारोह के मुख्य चरण में मां दुर्गा की मंगल आरती संपन्न हुई। महाआरती में मंडल अध्यक्ष विजय वर्मा, उपाध्यक्ष विनय माली, सचिव आकाश श्रीवास्तव सहित सक्रिय कार्यकर्ता अभिषेक, बट्टू, कृष्णा दुबे, अंकुश, अनुज, अन्य गणमान्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति ने सहभागिता की।
आरती के उपरांत विज्जू भैया द्वारा नौ कन्याओं का विधि-विधान से पूजन कर उन्हें मिष्ठान का भोग लगाया गया। उन्होंने कन्याओं के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया तथा अपने परिवार व समिति के सभी सदस्यों की सुख-समृद्धि की मंगल कामना की। अंत में सभी उपस्थित भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया।
Dayaram kushwaha Bhopal

