Type Here to Get Search Results !

मां के स्वागत में सजा पिपरिया, भक्ति के रंग में रंगा शहर

 

मां के स्वागत में सजा पिपरिया, भक्ति के रंग में रंगा शहर


पिपरिया जय माता दी समिति सांडिया रोड 

70 पंडालों में आज शुभ मुहूर्त में विराजेंगी मां दुर्गा, मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती की तैयारी


मुख्य मार्गो पर साज सज्जा प्रवेश द्वार 

छगन कुशवाहा 

पिपरिया। शारदीय नवरात्र के आगमन के साथ ही पूरा शहर मां दुर्गा की भक्ति और आस्था के रंग में रंग गया है। शहर के मुख्य मार्गों से लेकर गली-मोहल्लों तक माता रानी के स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं। कहीं आकर्षक विद्युत सज्जा की जा रही है, तो कहीं भव्य पंडालों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। ढोल-नगाड़ों और जय माता दी के जयकारों के बीच भक्तों को मां दुर्गा के आगमन का बेसब्री से इंतजार है। इस बार शहर में करीब 70 छोटे-बड़े पंडालों में रविवार को शुभ मुहूर्त में देवी प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी।


पिपरिया दुर्गा मंदिर मंगलवारा चौराहा


पंडालों में देर रात तक चलती रहीं तैयारियां


नवरात्र के एक दिन पहले शनिवार को शहर के विभिन्न पंडालों में सजावट, लाइटिंग, साउंड सिस्टम और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम चलता रहा। कई स्थानों पर ट्रक और ट्रैक्टरों से ढोल-नगाड़ों के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाएं पंडालों तक पहुंचाई गईं, जबकि कुछ समितियां रविवार सुबह प्रतिमाएं लेकर आएंगी। मूर्तिकार भी माता रानी की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। समितियों के सदस्य पूजा-पाठ, प्रसाद वितरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की व्यवस्थाओं में लगे हैं।


पिपरिया खेडापति माता मठ


शुभ मुहूर्त में होगी घटस्थापना


हिंदू पंचांग के अनुसार शारदीय नवरात्र में घटस्थापना का विशेष महत्व है। शुभ मुहूर्त में कलश स्थापना के साथ नौ दिनों तक चलने वाली मां दुर्गा की आराधना शुरू होगी। इस वर्ष नवरात्र के प्रारंभ पर गजकेसरी योग सहित अन्य ज्योतिषीय संयोगों का उल्लेख किया जा रहा है। श्रद्धालु इन शुभ अवसरों पर मां की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे।


घटस्थापना के प्रमुख मुहूर्त



  • प्रातःकाल मुहूर्त: सुबह 6:19 से 10:12 बजे तक।

  • अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:44 बजे से दोपहर 12:31 बजे तक।


  • पुरानी खेडापति मंदिर नदी पार 






मंदिरों में सजेगा आस्था का दरबार


शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में भी नवरात्र को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। मंगलवारा चौराहा स्थित प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर में गर्भगृह की सफाई के बाद फूलों और आकर्षक सजावट से मंदिर को सजाया गया है। यहां विराजमान मां दुर्गा को लाखों रुपए के आभूषणों से शृंगारित किया जाएगा। नवरात्र के नौ दिनों तक सुबह-शाम महाआरती और हवन सहित धार्मिक आयोजन होंगे।


पिपरिया रेलवे फाटक काली मंदिर 


इसी तरह रेलवे फाटक स्थित काली मंदिर और महिला मंडल परिसर स्थित मां शारदा देवी मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना की तैयारियां की गई हैं। पिपरिया के स्थिति खेडापति माता मठ मे अल सुबह से देवी प्रतीमाओं पर जल अभिषेक चालू हो गया


मंदिरों में विद्युत सज्जा और तोरण द्वार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेंगे।


नौ दिन गूंजेंगे माता रानी के जयकारे


नवरात्र केवल पूजा-पाठ का पर्व नहीं, बल्कि श्रद्धा, शक्ति और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। इन नौ दिनों में पंडालों और मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। घरों में घटस्थापना, दुर्गा सप्तशती का पाठ और दीप प्रज्ज्वलन होगा। शहर में जगह-जगह सजे पंडाल और रोशनी से जगमगाते मंदिर नवरात्र की रौनक बढ़ाएंगे। भक्तों को अब इंतजार है मां दुर्गा के आगमन का, ताकि जयकारों के बीच मां के चरणों में शीश नवाकर सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा जा सके।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.