Type Here to Get Search Results !

राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता में पिपरिया की ऋषिका और खुशी दिखाएंगी दम

 

राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता में पिपरिया की ऋषिका और खुशी दिखाएंगी दम



मध्यप्रदेश शालेय टीम में हुआ चयन, दिल्ली में 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक करेंगी प्रदेश का प्रतिनिधित्व

छगन कुशवाहा 

पिपरिया। खेल के मैदान में पिपरिया की बेटियां लगातार अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। अब नगर की दो खिलाड़ियों ऋषिका मेहरा और खुशी पटवा ने रग्बी में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दोनों का चयन मध्यप्रदेश शालेय रग्बी टीम में हुआ है। वे दिल्ली में 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित होने वाली 70वीं शालेय राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।

सांदीपनि आर.एन.ए. स्कूल की छात्राएं ऋषिका और खुशी अंडर-19 बालिका वर्ग में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। दोनों खिलाड़ी सचिन स्पोर्ट्स एकेडमी, पिपरिया में नियमित अभ्यास करती हैं। कोच सचिन पुर्विया ने बताया कि खिलाड़ियों ने मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।

इंदौर में प्रशिक्षण के बाद दिल्ली जाएंगी खिलाड़ी

राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले दोनों खिलाड़ियों को इंदौर में आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होना है। शिविर में प्रशिक्षण लेने के बाद टीम दिल्ली के लिए रवाना होगी। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नगर के खेल प्रेमियों की नजरें रहेंगी।

चयन पर मिल रही बधाइयां

ऋषिका मेहरा और खुशी पटवा के मध्यप्रदेश टीम में चयन पर विधायक ठाकुरदास नागवंशी, बलराम सिंह बैस, पिंकी खनूजा, विद्यालय के प्राचार्य संजीव दुबे, अरविंद कुमार शर्मा, प्रीतम पुर्विया, मनोज नागोत्रा, नीलम पचौरी, बबलू साहू, वीरेंद्र पटेल, अतुल परसाई, निशा ठाकुर, आशीष प्रजापति, हिमांशु कहार, राघवेंद्र अहिरवार और राज बाथरे सहित जिला रग्बी संघ नर्मदापुरम, सचिन स्पोर्ट्स पिपरिया एवं विद्यालय परिवार ने बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।





Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.