युवा उत्सव में विद्यार्थियों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग, रंगोली में मुस्कान राय तो एकल नृत्य में आरती उइके रहीं अव्वल
तीन दिवसीय महाविद्यालय स्तरीय युवा उत्सव का उत्साह के साथ शुभारंभ, पहले दिन सात विधाओं में हुईं प्रतियोगिताएं
छगन कुशवाहा
पिपरिया। शहीद भगत सिंह शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में महाविद्यालय स्तरीय युवा उत्सव 2026 का उत्साह और उमंग के साथ शुभारंभ हुआ। पहले दिन आयोजित सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी कला, हुनर और कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन किया। रंगोली, नृत्य, भाषण और कार्टूनिंग सहित विभिन्न विधाओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन के साथ हुई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.के. मेहरा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा उत्सव केवल प्रतियोगिताओं का आयोजन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने और उनके सर्वांगीण विकास का माध्यम है। ऐसे आयोजन आत्मविश्वास, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देते हैं।
युवा उत्सव प्रभारी डॉ. अनिता सेन ने तीन दिवसीय आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए प्रतियोगिताओं के नियम और दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। पहले दिन एकल नृत्य, समूह नृत्य, रंगोली, हिंदी एवं अंग्रेजी भाषण, एकल वादन (परकुशन) और कार्टूनिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
इन प्रतिभागियों ने मारी बाजी
प्रतियोगिताओं के परिणामों में रंगोली में मुस्कान राय ने प्रथम, दीपिका पटेल एवं सोनिया ठाकुर ने द्वितीय तथा रंशिका कहार एवं क्षितिज मेहरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
एकल नृत्य में आरती उइके प्रथम, नीलू कहार द्वितीय और रितिका उमरे तृतीय स्थान पर रहीं। समूह नृत्य में वंशिका एवं समूह ने प्रथम स्थान हासिल किया। एकल वादन (परकुशन) में सौरभ विश्वकर्मा प्रथम रहे।
अंग्रेजी भाषण में भक्ति पटवा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। हिंदी भाषण में प्रियंक साहू प्रथम, रोहित सोलंकी द्वितीय और दीक्षा सोनी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं कार्टूनिंग में मोनिका कुशवाहा प्रथम, प्रतिभा विश्वकर्मा द्वितीय और उमा लोधी तृतीय स्थान पर रहीं।
तीन दिन चलेगा युवा उत्सव
महाविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय युवा उत्सव के आगामी दिनों में भी विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं होंगी। आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और उत्साह के साथ प्रथम दिवस की प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं।




