Type Here to Get Search Results !

खेल मैदान में खिलाड़ियों ने दीप जलाकर मनाया दीपावली उत्सव, खेल भावना और एकजुटता का दिया संदेश

 

खेल मैदान में खिलाड़ियों ने दीप जलाकर मनाया दीपावली उत्सव, खेल भावना और एकजुटता का दिया संदेश



रग्बी और फुटबॉल मैदान पर हुआ दीप प्रज्वलन एवं पूजन, खेल प्रतिभाओं ने उत्साह के साथ मनाया दीपोत्सव 

छगन कुशवाहा 

पिपरिया। खेल से पहचान है और खिलाड़ियों से देश की शान। इसी भावना को आत्मसात करते हुए शनिवार, 7 नवंबर को सांदीपनि आर.एन.ए. खेल मैदान, पिपरिया में खिलाड़ियों द्वारा दीपावली उत्सव एवं दीप प्रज्वलन समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। खेल मैदान पर आयोजित इस अनूठे दीपोत्सव में खेल प्रतिभाओं, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने एक साथ दीप जलाकर खुशियों का उजाला फैलाया।



कार्यक्रम के दौरान रग्बी एवं फुटबॉल खेल मैदान को आकर्षक ढंग से दीपों से सजाया गया। खिलाड़ियों ने अपनी विद्या की देवी मां सरस्वती एवं धन-समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी के चित्रों के समक्ष पुरस्कार एवं शील्ड रखकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। सांदीपनि आर.एन.ए. स्कूल के प्राचार्य संजीव दुबे ने पूजन संपन्न कराया। इसके बाद सभी ने दीप प्रज्वलित कर दीपावली की खुशियां साझा कीं।



इस अवसर पर खिलाड़ियों ने कहा कि त्योहारों की खुशियां अपनों और साथियों के बीच मनाने से दोगुनी हो जाती हैं। सालभर खेल मैदान पर अभ्यास, प्रतियोगिताओं और खेल गतिविधियों में पसीना बहाने वाले खिलाड़ियों ने इस आयोजन के माध्यम से आपसी भाईचारे, एकता और खेल भावना का सुंदर संदेश दिया। राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके खिलाड़ियों की मौजूदगी ने आयोजन को और भी खास बना दिया।



कार्यक्रम में सांदीपनि आर.एन.ए. स्कूल के प्राचार्य संजीव दुबे, कल्याण युवा खिलाड़ी के स्पोर्ट्स टीचर प्रीतम पूर्विया, जिला रग्बी संघ नर्मदापुरम के सचिन पूर्विया, गर्ल्स स्कूल के स्पोर्ट्स टीचर अरविंद शर्मा, प्रदीप दुबे, अतुल परसाई सहित अनेक खेलप्रेमी एवं साथी उपस्थित रहे।

खेल मैदान पर दीपों की रोशनी, पूजन-अर्चन और खिलाड़ियों के उत्साह ने दीपावली उत्सव को यादगार बना दिया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, अनुशासन, संस्कार और एकजुटता का भी प्रतीक है।

आयोजक : सचिन स्पोर्ट्स, पिपरिया एवं जिला रग्बी संघ, नर्मदापुरम।






Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.