त्योहार की मिठाइयों में मिलावट का खतरा, पहले भी फेल हो चुके हैं कई दुकानों के सैंपल
बड़ी दुकानों पर खाद्य विभाग की दबिश, राजस्थान स्वीट्स में गंदगी के बीच हो रहा था मिठाइयों का निर्माण; बनखेड़ी में 30 किलो संदिग्ध घी जब्त
छगन कुशवाहा
पिपरिया। त्योहारों के मौसम में मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य पदार्थों की शुद्धता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर में जिन मिठाई प्रतिष्ठानों को उपभोक्ता ब्रांड और भरोसे का प्रतीक मानकर खरीदारी करते हैं, उन्हीं दुकानों के खाद्य नमूने पहले जांच में अमानक पाए जा चुके हैं। इसके बावजूद मिलावट के खिलाफ कार्रवाई कितनी प्रभावी रही, यह सवाल अब भी बना हुआ है। त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने प्रशासनिक टीम के साथ कई प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर मिठाइयों और पेड़ों के नमूने एकत्र किए हैं।
कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देशन में गुरुवार को हुई इस कार्रवाई के दौरान सीमेंट रोड स्थित रंग जी स्वीट्स, मालवा डेरी, पुरानी गल्ला मंडी के गजेंद्र लस्सी प्रतिष्ठान, बाजार क्षेत्र के बीकानेर मिष्ठान भंडार और राजस्थान स्वीट्स का निरीक्षण किया गया। यहां से विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इनकी गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
पहले भी जांच में सामने आ चुकी है गड़बड़ी
खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र सिंह राणा के अनुसार पिछले त्योहार के दौरान शहर के कई मिठाई प्रतिष्ठानों से नमूने लिए गए थे। इनमें मालवा डेरी, सपना स्वीट्स, बीकानेर मिष्ठान भंडार और राजस्थान स्वीट्स के नमूने जांच में फेल हुए थे। ऐसे में इस बार फिर इन्हीं प्रतिष्ठानों सहित अन्य दुकानों से नमूने लिए जाने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई है। सवाल यह भी है कि पहले अमानक पाए गए खाद्य पदार्थों के मामलों में अब तक क्या कार्रवाई हुई और उपभोक्ताओं को मिलावट से बचाने के लिए कितनी सख्ती बरती गई।
राजस्थान स्वीट्स में गंदगी देखकर टीम ने दिया नोटिस
निरीक्षण के दौरान राजस्थान स्वीट्स के मिठाई निर्माण स्थल पर साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली। निर्माण परिसर में गंदगी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा टीम ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संचालक को नोटिस जारी किया। अधिकारियों ने त्योहार के दौरान मिठाइयों के निर्माण में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार अंजू और खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र सिंह राणा मौजूद रहे।
बनखेड़ी में 30 किलो संदिग्ध घी जब्त
इधर, बनखेड़ी में भी जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। बीकानेर स्वीट्स, मां श्याम स्वीट्स और अग्रवाल स्वीट्स से विभिन्न मिठाइयों के नमूने लिए गए। वहीं पिपरिया रोड स्थित एमके मार्ट की जांच के दौरान 30 किलो संदिग्ध घी मिला। खाद्य सुरक्षा दल ने घी के तीन नमूने लेने के बाद शेष घी जब्त कर लिया। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
उपभोक्ता भी बरतें सावधानी
त्योहार पर मिठाई खरीदते समय केवल दुकान की प्रतिष्ठा या बाहरी चमक-दमक देखकर गुणवत्ता का भरोसा न करें। साफ-सुथरे स्थान पर तैयार मिठाई खरीदें, पैक्ड खाद्य सामग्री की निर्माण एवं उपयोग अवधि जांचें और संदेह होने पर संबंधित विभाग को शिकायत करें। खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करना विभाग की जिम्मेदारी है, लेकिन उपभोक्ताओं की सतर्कता भी मिलावट के कारोबार पर अंकुश लगाने में अहम भूमिका निभा सकती है।



