Type Here to Get Search Results !

सेवा संकल्प यात्रा गांव-गांव पहुंचकर युवाओं को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ रही : हेमांग जोशी

 

सेवा संकल्प यात्रा गांव-गांव पहुंचकर युवाओं को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ रही : हेमांग जोशी




दयाराम कुशवाहा 

इंदौर। भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी ने सोमवार को इंदौर और धार प्रवास के दौरान ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की। उन्होंने इंदौर ग्रामीण के बेटमा में गुजरात के वडनगर से पहुंची सेवा संकल्प यात्रा का स्वागत कर यात्रा में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और पूर्व मंत्री स्वर्गीय निर्भय सिंह पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा सफाईकर्मियों का सम्मान किया।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए डॉ. जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी क्रम में युवा मोर्चा द्वारा वाराणसी और वडनगर से सेवा संकल्प यात्राएं शुरू की गई हैं। ये यात्राएं गांव-गांव पहुंचकर युवाओं को सेवा कार्यों और राष्ट्र निर्माण से जोड़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा केवल यात्रा नहीं, बल्कि युवाओं को समाज के बीच जाकर सेवा करने, लोगों से संवाद करने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का अवसर है। यात्रा के दौरान सेवा, स्वच्छता, पौधारोपण और जनजागरण जैसी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।



युवाओं को समाज की वास्तविक परिस्थितियों से जुड़ने का आह्वान

डॉ. जोशी ने कहा कि युवाओं को केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित न रहकर समाज के बीच जाकर सेवा, संवाद और जनभागीदारी के माध्यम से अपनी भूमिका निभानी चाहिए। अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों से आए युवा साझा सेवा संकल्प के साथ गांवों तक पहुंच रहे हैं। इससे युवाओं का समाज के विभिन्न वर्गों से सीधा जुड़ाव मजबूत हो रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा लेकर युवाओं को सेवा को जीवन का संस्कार बनाने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लेना चाहिए।

राहुल गांधी पर साधा निशाना

डॉ. हेमांग जोशी ने राहुल गांधी को लेकर कहा कि उनके कार्यक्रमों में विषय-वस्तु के बजाय उनके जनसंपर्क तंत्र द्वारा तैयार सामग्री पर अधिक निर्भरता दिखाई देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी विषय से जुड़े सवाल पूछे जाने पर राहुल गांधी के पास ठोस विषय-वस्तु का अभाव दिखाई देता है। डॉ. जोशी ने कहा कि देश का युवा जागरूक है और उसे भ्रमित करने के बजाय सेवा, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना जरूरी है।

धार्मिक स्थलों पर पहुंचे, विद्यार्थियों से किया संवाद

बेटमा के बाद डॉ. जोशी ने धार की भोजशाला में मां वाग्देवी की पूजा-अर्चना की। इसके बाद गुरुद्वारा पहुंचकर माथा टेका और प्राचीन कुंडेश्वर महादेव मंदिर में अभिषेक-पूजन किया। शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय, छोटा बेटमा में उन्होंने पौधारोपण किया और विद्यार्थियों से संवाद किया।

इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के लक्ष्यों की जानकारी ली। इसके बाद कवि सम्मेलन में भी सहभागिता की।

कार्यक्रम में प्रदेश शासन के मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, विधायक नीना वर्मा, मनोज पटेल, जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर, मनोज ठाकुर सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

आज बाकानेर में पौधारोपण और बोरी बंधान

सेवा संकल्प यात्रा मंगलवार को बाकानेर पहुंचेगी। यहां सुबह 9 बजे सांदीपनि विद्यालय में पौधारोपण कार्यक्रम होगा। इसके बाद यात्रा के साथ गटवाल नदी में बोरी बंधान का सेवा कार्य किया जाएगा। पिपलदागड़ी में गौशाला की सफाई और ग्रामीण परिवारों द्वारा लाए गए टिफिन से सेवा यात्रियों का समरसता भोज होगा। इसके बाद यात्रा खरगोन जिले के भटिटयान पहुंचेगी, जहां मछुआरा समाज के सम्मेलन में गोताखोरों का सम्मान किया जाएगा। सनावद में युवा संवाद कार्यक्रम भी आयोजित होगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.