नंदवाड़ा में गूंजा युवा चेतना का संदेश, युवाओं को बताए सफलता और राष्ट्र निर्माण के सूत्र
पिपरिया। संकल्प फाउंडेशन की युवा चेतना संवाद यात्रा मंगलवार को पिपरिया तहसील के ग्राम नंदवाड़ा पहुंची। यहां आयोजित प्रेरणादायी संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, युवा, किशोर और बच्चों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में युवाओं को शिक्षा, करियर, चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया।
संवाद के दौरान वक्ताओं ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, सरकारी सेवाओं और रोजगार के अवसरों की जानकारी देते हुए युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए शिक्षा के साथ अनुशासन, सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्य और मजबूत चरित्र जरूरी हैं। युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं लक्ष्यपूर्ण जीवनशैली अपनाने का आह्वान भी किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि भारत की मजबूत नींव गांवों में है। गांव का युवा शिक्षित, जागरूक और चरित्रवान बनेगा तो समाज और राष्ट्र दोनों सशक्त होंगे। युवाओं से स्वामी विवेकानंद, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और शहीद भगत सिंह के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम नंदवाड़ा के सरपंच सुरेश पटेल और आर्ट ऑफ लिविंग के शिक्षक राजेश दुबे का विशेष सहयोग रहा। संकल्प फाउंडेशन ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम के समापन पर युवाओं ने राष्ट्रहित में सकारात्मक भूमिका निभाने का संकल्प लिया।




