![]() |
गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंजा पिपरिया, देर रात तक चला भक्ति और उत्साह का संगम
मंगलवारा चौराहे पर उमड़ा जनसैलाब, मशीन से हुई पुष्पवर्षा तो रंगीन आतिशबाजी से जगमगाया आसमान
17 फीट के गणपति रहे आकर्षण का केंद्र, सोमवार को शुभ मुहूर्त में पंडालों में हुई स्थापना
छगन कुशवाहा
पिपरिया। गणपति बप्पा मोरया के जयघोष और ढोल-डीजे की गूंज के बीच रविवार रात पिपरिया में गणेश उत्सव का भव्य आगाज हुआ। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से गणेश प्रतिमाओं की शोभायात्राएं गाजे-बाजे के साथ निकलीं। जैसे-जैसे प्रतिमाएं मुख्य मार्गों से होते हुए मंगलवारा चौराहे पहुंचीं, पूरा शहर भक्तिमय माहौल में रंग गया। हजारों श्रद्धालु शोभायात्रा देखने के लिए चौराहे पर जुटे।
सांडिया रोड, सब्जी मंडी-पचमढ़ी रोड, राधाकृष्णन वार्ड, तिलक वार्ड और महाराणा प्रताप वार्ड सहित कई क्षेत्रों की गणेश समितियां आकर्षक साज-सज्जा के साथ प्रतिमाएं लेकर निकलीं। शोभायात्राओं में युवाओं का उत्साह देखते ही बना। ढोल-डीजे पर धार्मिक गीतों के बीच युवा जमकर थिरकते नजर आए।
मशीन से पुष्पवर्षा, आतिशबाजी ने बांधा समां
शोभायात्रा के दौरान गणेश प्रतिमाओं पर मशीन से गुलाब के फूलों की पुष्पवर्षा की गई। फूलों की बारिश के बीच गणपति बप्पा के जयकारे गूंजते रहे। वहीं रंगीन आतिशबाजी से आसमान रोशन हो उठा। भक्ति, संगीत और आतिशबाजी के इस संगम ने देर रात तक लोगों को आकर्षित किया।
17 फीट के गणपति बने आकर्षण
सांडिया रोड स्थित श्री गणेश उत्सव किट्टम्-किट्टू समिति की 17 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र है। समिति द्वारा प्रतिमा के लिए 26 फीट ऊंचा, 29 फीट चौड़ा और 80 फीट लंबा विशाल पंडाल तैयार किया गया है। शोभायात्रा के दौरान भी विशाल प्रतिमा को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
शुभ मुहूर्त में पंडालों में विराजे बप्पा
सोमवार सुबह करीब 9 बजे से शुभ मुहूर्त में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना का सिलसिला शुरू हुआ। समितियों ने विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ पंडालों में भगवान गणेश को विराजमान किया। इसके साथ ही शहर में आगामी दिनों तक चलने वाले गणेशोत्सव की धार्मिक गतिविधियों की शुरुआत हो गई।
मंगलवारा चौराहे पर गणेश प्रतिमा की शोभायात्रा के दौरान मशीन से की गई पुष्पवर्षा और आतिशबाजी के बीच उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।
