Type Here to Get Search Results !

पीजी कॉलेज में रोजगार मेले में 208 युवाओं का प्राथमिक चयन, 6 को स्वरोजगार का लाभ

 

पीजी कॉलेज में रोजगार मेले में 208 युवाओं का प्राथमिक चयन, 6 को स्वरोजगार का लाभ




युवा संगम मेले में 416 विद्यार्थियों ने कराया पंजीयन, 10 कंपनियों और 6 शासकीय विभागों ने लगाए स्टॉल 


छगन कुशवाहा 


पिपरिया। शहीद भगत सिंह शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार कार्यालय नर्मदापुरम के संयुक्त तत्वावधान में युवा संगम रोजगार एवं स्वरोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 416 छात्र-छात्राओं ने पंजीयन कराया। विभिन्न कंपनियों ने 208 युवाओं का प्राथमिक स्तर पर चयन किया, जबकि स्वरोजगार योजनाओं के तहत 6 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इस तरह कुल 214 युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा गया। वहीं, 130 विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन भी दिया गया।



जिला कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देशानुसार आयोजित मेले का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। मेले में वर्धमान, फोर्स मैटर, एलआईसी, पुखराज, पुष्कल, रिलायंस, मणिपाल, सागर मैन्युफैक्चरिंग, एमआईसी, एसआईसी सिक्योरिटी गार्ड, फ्रीडम अकादमी और हाईटेक किसान सहित विभिन्न संस्थानों ने रोजगार एवं स्वरोजगार संबंधी जानकारी दी। आयोजन में 10 कंपनियों और 6 शासकीय विभागों ने स्टॉल लगाए।



युवाओं को नौकरी देने वाला बनने की जरूरत


मुख्य अतिथि सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने युवाओं को इच्छाशक्ति मजबूत करने और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के माध्यम से पूंजी उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। युवाओं को अपने उद्यम का विचार विकसित कर अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।


नगरपालिका अध्यक्ष नीना नवनीत नागपाल ने युवाओं को स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिलाओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि मातृशक्ति विभिन्न कार्यों के माध्यम से स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही है। विधानसभा प्रभारी नवनीत नागपाल ने युवाओं से नौकरी मांगने वाले के बजाय नौकरी देने वाला बनने का आह्वान किया, ताकि रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें।



ऋण वितरण और करियर काउंसिलिंग पर भी जोर


मेले में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से 1 लाख 10 हजार रुपए की ऋण राशि का वितरण कराया गया। जिला रोजगार कार्यालय नर्मदापुरम के प्लेसमेंट ऑफिसर धर्मेश तिवारी के नेतृत्व में आयोजन की व्यवस्थाएं की गईं। उन्होंने बताया कि जिन युवाओं को कंपनियों में अवसर के लिए चयनित किया गया है, उन्हें व्यक्तिगत रूप से कॉल कर सूचना दी जाएगी।


कार्यक्रम में सांसद दर्शन सिंह चौधरी, नगरपालिका अध्यक्ष नीना नागपाल, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष कुसुमलता पटेल, विधानसभा प्रभारी नवनीत नागपाल, पूर्व छात्र एवं व्यवसायी सुनील गुप्ता,अरविंद राय, नीरज साहू, कंचन श्रीवास्तव, ललिता पूर्विया, निरंजन वैष्णव, नीति राज पटेल, पवन कहार, अरविंद राय और विवेक गगरानी सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।


महाविद्यालय के प्राचार्य ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. अनीता सेन ने मंच संचालन किया। कार्यक्रम में डॉ. राजीव माहेश्वरी, डॉ. आरजी पटेल, डॉ. एके राकेशिया, डॉ. एलएन मालवीय, डॉ. किटी मौर्य, डॉ. दिलावरे, सौभाग्य यादव, डॉ. अरुण मोहता, डॉ. मीनू सिंह सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।






Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.